ओरमांझी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान, जुर्माना, वैद्य दस्तावेजों के साथ वाहन का परिचालन करें – डीटीओ

On: November 9, 2023 5:11 PM

---Advertisement---
झारखंड वार्ता
* जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची श्री प्रवीण कुमार प्रकाश ने चलाया जांच अभियान
* त्योहार को देखते हुए यात्री बसों की विशेष जांच
* टैक्स डिफॉल्टर और ओवरलोडेड, बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र, परमिट, लाइसेंस और वाहन संबंधी अन्य कागजातों की जांच
* 133 वाहनों की जांच, 19 वाहनों से वसूला गया 217000 रुपये का जुर्माना
* वैद्य दस्तावेजों के साथ वाहन का परिचालन करें – डीटीओ
रांची:- जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची श्री प्रवीण प्रकाश द्वारा आज दिनांक 09 नवंबर 2023 को ओरमांझी क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान के दौरान टैक्स डिफॉल्टर्स, ओवरलोडेड, बिना परमिट, प्रदूषण प्रमाण, बिना लाइसेंस, सवारी गाड़ी में क्षमता से अधिक यात्री बैठाने एवं वाहन संबंधी अन्य कागजातों की जाँच जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा की गई।
त्योहारों को देखते हुए बसों की विशेष जांच
जिला परिवहन पदाधिकारी श्री प्रवीण प्रकाश द्वारा त्योहारों को देखते हुए बसों की विशेष जांच की गई। त्योहार को लेकर बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुँच सके, इसे लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी ने क्षमता अनुसार सवारियों को वाहन में बैठने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वाहन स्वामी/चालक वैद्य दस्तावेज के साथ वाहन का परिचालन करें।
133 वाहनों की जांच, 19 वाहनों से वसूला गया 2 लाख 17 हज़ार रुपये का जुर्माना
वाहन जांच के दौरान कुल 133 वाहनों की जाँच की गई। कार्यालय कर्मियों द्वारा बारी-बारी से सभी वाहनों के दस्तावेजों की जाँच की गई, जिसमें 19 वाहनों के कागजात सही नहीं पाए गए। कुल 19 वाहनों (मालवाहक वाहनों, हाइवा, सवारी वाहन) से 2 लाख 17 हज़ार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वाहन संबंधी कागजात दुरुस्त रखें- डीटीओ
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी वाहन स्वामियों/चालकों से अनुरोध किया है कि वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं एवं वाहन संबंधित सभी कागजात अद्यतन रखें। साथ ही वाहनों में लदान क्षमता के अनुसार ही परिचालन करें। सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कार्रवाई की बात कही है।