---Advertisement---

धनबाद में रामनवमी जुलूस के दौरान पथराव, 6 लोग घायल; धारा 163 लागू

On: March 28, 2026 8:39 AM
---Advertisement---

धनबाद: जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में 27 मार्च की शाम रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव किया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस घटना में करीब छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत किशोरों के बीच हुई नोकझोंक से हुई, जो धीरे-धीरे उग्र रूप लेती चली गई।


जानकारी के अनुसार, बलियापुर से निकाला गया बाइक जुलूस जैसे ही भिखराजपुर पहुंचा, उसी दौरान उस पर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी होने लगी। इस दौरान बलियापुर बाजार क्षेत्र में कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की भी खबर सामने आई है। अचानक बिगड़े हालात के कारण वहां अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने भिखराजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

घटना के दौरान पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई, हालांकि थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने इस तरह की किसी भी कार्रवाई से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि स्थिति को बिना फायरिंग के ही नियंत्रित कर लिया गया।

फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now