---Advertisement---

असम में Su-30 MKI फाइटर जेट क्रैश, दोनों पायलटों की मौत

On: March 6, 2026 12:52 PM
---Advertisement---

कार्बी आंगलोंग: असम के कार्बी आंगलोंग जिले के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में गुरुवार देर शाम भारतीय वायुसेना का एक सुखोई (Su‑30MKI) फाइटर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में हुई है। पूर्वेश दुरागकर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग नेविगेटर के पद पर तैनात थे।

भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना की आधिकारिक जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। वायुसेना ने बताया कि हादसे में दोनों अधिकारियों को गंभीर और घातक चोटें आईं, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वायुसेना ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी वायुसेना शहीद अधिकारियों के परिवारों के साथ खड़ी है।

जानकारी के अनुसार यह फाइटर जेट असम के जोरहाट एयरबेस से एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के लिए उड़ा था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया। बताया गया कि विमान का ग्राउंड कंट्रोल से आखिरी संपर्क शाम 7 बजकर 42 मिनट पर हुआ था। इसके बाद जेट रडार से गायब हो गया।

संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही वायुसेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि दुर्घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि यह इलाका बेहद दुर्गम और पहाड़ी है। रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब चार घंटे का समय लगा। बाद में मलबे के पास से दोनों वायुसेना अधिकारियों के शव बरामद किए गए।

यह हादसा कार्बी आंगलोंग जिले के रंगखेला क्षेत्र के चोकीहोला के नीलिप ब्लॉक के पास एक दूरस्थ पहाड़ी इलाके में हुआ। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक शाम के समय अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जो आसपास की पहाड़ियों में गूंज गई। इस आवाज से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल इस दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। भारतीय वायुसेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फाइटर जेट के क्रैश होने के पीछे असल वजह क्या थी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now