---Advertisement---

लातेहार में हाथियों का आतंक, शौच के लिए निकले वृद्ध को कुचलकर मार डाला

On: March 6, 2026 12:10 PM
---Advertisement---

लातेहार: जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत माल्हन पंचायत के भंडार टोला में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भंडार टोला निवासी टीभरु गंझू (59) के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार की रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि टीभरु गंझू रात में शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। उसी दौरान गांव के आसपास घूम रहे एक जंगली हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी शनिचरिया देवी ने बताया कि उनके पति देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें खोजने के लिए बाहर निकले। काफी खोजबीन के बाद टीभरु गंझू का शव घर से कुछ दूरी पर लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को वन विभाग की टीम गांव पहुंची। रेंजर नंदकुमार महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। वन विभाग की ओर से तत्काल राहत के तौर पर मृतक की पत्नी शनिचरिया देवी को 40 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई।

इसके अलावा ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने गांव के लोगों के बीच 10 टॉर्च भी वितरित किए, ताकि रात के समय सतर्कता बरती जा सके।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से 3 लाख 60 हजार रुपए की अतिरिक्त मुआवजा राशि भी प्रदान की जाएगी।

इधर, घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने और क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now