चतरा: पुलिस ने पिपरवार थाना क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए उग्रवादियों में सुरेंद्र गंझू उर्फ लंबू, अशोक कुमार गंझू, हरीश महतो, सूरज कुमार भुइयां और रोनित कुमार गंझू शामिल हैं। सभी आरोपी बेंती और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं और संगठन के सुदर्शन दस्ते से जुड़े हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से देसी कट्टा, दो गोली, चोरी की बाइक, छह मोबाइल फोन और नक्सली पर्चे भी बरामद किए हैं।
व्यवसायियों को मिल रही थी धमकी
जानकारी के मुताबिक, ‘सुदर्शन जी’ के नाम से चतरा जिले के कई व्यवसायियों को लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे थे। इन धमकियों में रंगदारी की मांग भी शामिल थी, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल बन गया था। इस मामले को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम को तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
छापेमारी में मिली सफलता
गठित टीम ने पिपरवार थाना क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार उग्रवादियों से गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में संगठन के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।














