धनबाद: जिले में कार्तिक पूर्णिमा के दिन बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो स्थित दामोदर नदी में स्नान करने पहुंचे 9 युवक पानी की तेज धार में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद और प्रशासन की तत्परता से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक की मौत हो गई। बाकी पांच युवकों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, भीमकनाली और भूली इलाके से पांच-पांच दोस्तों के दो समूह कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने आए थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय कुछ युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा के सीओ गिरजानंद किस्कू और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सांसद ढुल्लू महतो भी घटनास्थल पहुंचे, उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और जिला प्रशासन से तत्काल एनडीआरएफ टीम बुलाने का अनुरोध किया। इसके बाद गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
गोताखोरों की मदद से बुधवार देर शाम विजय कुमार यादव का शव बरामद किया गया। वहीं, अनिश कुमार यादव, रोहित कुमार यादव, रोहन कुमार यादव समेत पांच युवकों की खोज अब भी जारी है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और एनडीआरएफ की टीम रातभर से सर्च ऑपरेशन चला रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े पर्व पर हजारों श्रद्धालु दामोदर नदी घाट पर पहुंचे थे, लेकिन वहां न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी और न ही गोताखोरों की तैनाती की गई थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल उठाता है कि धार्मिक पर्वों और आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कितनी आवश्यक है। थोड़ी-सी चूक भी कई परिवारों के जीवन में अंधेरा ला सकती है।
धनबाद में दर्दनाक हादसा: दामोदर नदी में नहाने गए 9 युवक बहे, एक का शव बरामद














