उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के वाराणसी उदय प्रताप कॉलेज से एक सनसनीखेज खबर आ रही है जहां बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को क्लास रूम में घुसकर आरोपी मंजीत चौहान नामक युवक ने गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। जिसे सनसनी मच गई और कॉलेज के छात्रों में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूर्य प्रताप को 8 गोली मारी गई। इसमें से चार गोली सीने और चार कनपटी में मारी गई। गोली मारने के बाद आरोपी पिस्टल को कूड़े में फेंककर मौके से फरार हो गय। इस प्रकार दिनदहाड़े उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) के क्लासरूम में घुसकर गोलीकांड ने हर किसी को हिला दिया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। वहीं, घटना के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए जुट गई हैं।
छात्र सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला था। वह उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी चौथे सेमेस्टर का छात्र था। वाराणसी में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके दोस्तों और परिचितों का कहना है कि सूर्य प्रताप पढ़ाई-लिखाई में एक अच्छा छात्र था। कॉलेज में भी वह हर किसी के साथ घुल-तिल में अच्छे थे और कॉलेज में काफी मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अचानक हुई इस घटना से उनके दोस्त और परिवार गहरे सदमे में हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने सूर्य प्रताप सिंह पर काफी करीब से गोली मारी। सूर्य प्रताप पर कुल 8 गोलियां चलाई गई। इसमें से चार गोलियां उसके सीने में लगी। वहीं, चार गोलियां छात्र की कनपटी के पास लगीं। इतने गंभीर हमले के बाद छात्र को बचाया नहीं जा सका। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूर्य प्रताप की मौत से छात्र सदमे में हैं। घटना के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में एक युवक जोर-जोर से रोते हुए कहता दिखाई दे रहा है कि हमके हमार भाई चाही। वीडियो देखने के बाद लोग भावुक हो रहे हैं। मृतक छात्र के दोस्तों का कहना है कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सदमा है।
https://x.com/i/status/2034894744715985365
छात्र सूर्य प्रताप सिंह की क्लासरूम में हत्या की खबर फैलते ही कॉलेज में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। साथ ही, कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे। आक्रोशित छात्रों में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। तोड़फोड़ की घटना की भी खबर है। मामले की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कॉलेज और आसपास के इलाकों में की गई है। लंका पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। डीआईजी शिवहरी मीणा भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घटना छात्रों के दो गुटों के बीच के विवाद का परिणाम लग रहा है। डीआईजी शिवहरी मीझाा ने कहा कि कॉलेज में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसी दौरान गुस्से में एक छात्र ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं।
सूर्य प्रताप की हत्या में आरोपी का नाम मंजीत चौहान बताया गया है। वह शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके का रहने वाला है। आरोपी की तलाश में एसओजी समेत कई पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।










