लातेहार: जिले में गुरुवार को ड्रोन से जमीन सर्वे को लेकर बड़ा बवाल हो गया। सदर थाना क्षेत्र के कैमा गांव में ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालात तब बिगड़ गए जब ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। बाद में वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को किसी तरह शांत कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले कैमा गांव और आसपास के इलाकों में एक निजी कंपनी द्वारा ड्रोन कैमरे से जमीन का सर्वे किया जा रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए ड्रोन कैमरा जब्त कर लिया था। कंपनी और पुलिस की ओर से कई बार ग्रामीणों से ड्रोन वापस करने की अपील की गई, लेकिन गांव वालों ने इसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
गुरुवार को इसी मामले में पुलिस की टीम कैमा गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिस कुछ चिन्हित युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले जाने का प्रयास कर रही थी। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए और पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि उनका इलाका अनुसूचित क्षेत्र में आता है और यहां Panchayats (Extension to Scheduled Areas) Act, 1996 यानी पेसा कानून लागू है। उनका आरोप है कि प्रशासन ने ग्राम सभा की अनुमति के बिना ड्रोन से जमीन का सर्वे कराया, जो नियमों के खिलाफ है। इसी वजह से ग्रामीणों ने सर्वे का विरोध किया और ड्रोन को जब्त कर लिया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस गांव के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना कर रही थी। इसी के विरोध में लोगों ने पुलिस दल को घेरकर बंधक बना लिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ग्राम सभा की सहमति नहीं होगी, तब तक गांव में किसी भी प्रकार का सर्वे या अन्य सरकारी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
इधर, जब पुलिस टीम ड्रोन कैमरा छुड़ाने के लिए गांव पहुंची तो ग्रामीणों की भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने खुद को बचाने के लिए आत्मरक्षा में कई राउंड फायरिंग की। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। खबर लिखे जाने तक गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।














