---Advertisement---

VIDEO: आसमान में एक साथ 4 चांद, रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में दिखा हैरान कर देने वाला नजारा

On: February 2, 2026 9:24 AM
---Advertisement---

Paraselene: रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर से एक बेहद चौंकाने वाला नजारा सामने आया है, जहां आसमान में एक या दो नहीं बल्कि एक साथ चार-चार चांद दिखाई दिए। इस अद्भुत दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं।


यह कोई अफवाह या मुंह-जबानी बात नहीं है, बल्कि इस दुर्लभ घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जमकर शेयर की जा रही हैं। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि असली चंद्रमा के दोनों ओर चांद जैसे चमकीले गोले नजर आ रहे हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है मानो आसमान में चार चांद एक साथ चमक रहे हों।


इस नजारे को देखकर सेंट पीटर्सबर्ग के स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। कई लोगों ने इसे प्रकृति का चमत्कार बताया, जबकि कुछ ने इसे ऑप्टिकल इल्यूजन करार दिया।


दरअसल, यह घटना पैरासेलीन (Paraselene) नाम की एक दुर्लभ वायुमंडलीय घटना है, जिसे आम भाषा में ‘मून डॉग’ या ‘नकली चंद्रमा’ भी कहा जाता है। यह तब बनती है जब ऊंचाई पर मौजूद सिरस या सिरोस्ट्रेटस बादलों में पतले और हेक्सागोनल प्लेट के आकार वाले बर्फ के क्रिस्टल चांद की रोशनी को अलग-अलग दिशाओं में मोड़ देते हैं।


इस प्रक्रिया के कारण चंद्रमा के दोनों किनारों पर चमकीले धब्बे या नकली चांद जैसे प्रतिबिंब दिखाई देने लगते हैं। नासा के अनुसार, ये नकली चंद्रमा असली चांद से लगभग 22 डिग्री या उससे अधिक के कोण पर नजर आते हैं।


असल चंद्रमा की तुलना में पैरासेलीन थोड़े धुंधले होते हैं, लेकिन जब चंद्रमा क्षितिज के पास होता है, तब इन्हें देखना ज्यादा आसान हो जाता है।


खगोल विज्ञान से जुड़ी वेबसाइट स्काईब्रेरी के मुताबिक, पैरासेलीन आमतौर पर उसी ऊंचाई पर दिखाई देते हैं, जिस ऊंचाई पर असली चंद्रमा होता है। इनकी ऊर्ध्वाधर चौड़ाई इस बात पर निर्भर करती है कि बर्फ के क्रिस्टल किस तरह हिल-डुल रहे हैं। जितने बड़े बर्फ के क्रिस्टल होंगे, उतने ही ऊंचे और स्पष्ट पैरासेलीन दिखाई देंगे।


फिलहाल, यह अद्भुत नजारा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रकृति की इस अनोखी कला को देखकर हैरान भी हैं और रोमांचित भी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now