फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित विश्वप्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे एक झूले के अचानक गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर और एक महिला की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतक पुलिस इंस्पेक्टर की पहचान जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है। वह पलवल जिले के चांदहट थाना क्षेत्र में SHO के पद पर तैनात थे। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

सुनामी झूले पर सवार थे 18 लोग
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त ‘सुनामी’ नामक झूले पर कुल 18 लोग सवार थे। अचानक तकनीकी खराबी के कारण झूला ऊपर से नीचे आते समय संतुलन खो बैठा और जमीन पर गिर गया। झूले के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और मेले में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि झूला तेजी से नीचे आता है और फिर गिर जाता है। वीडियो में हादसे के बाद मची भगदड़ और लोगों की दहशत भी नजर आ रही है।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत फरीदाबाद के निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जांच के आदेश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि झूले की तकनीकी जांच समय पर हुई थी या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
गौरतलब है कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला हर साल फरीदाबाद में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष मेले का आयोजन 31 जनवरी से 15 फरवरी तक किया जा रहा है। देश-विदेश से हजारों कारीगर और लाखों पर्यटक इस मेले में पहुंचते हैं।













