देवघर: झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को धक्का देते और जल्दबाजी में आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान कई भक्तों को भगवान के शांतिपूर्वक दर्शन तक नहीं करने दिया गया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे आस्था के साथ दुर्व्यवहार बताते हुए मंदिर प्रबंधन और व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कई लोगों ने यह भी कहा कि VIP कल्चर के चलते आम श्रद्धालुओं के साथ भेदभाव हो रहा है।
सांसद निशिकांत दुबे ने उठाए सवाल
गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि इस मंदिर के अध्यक्ष झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी हैं, कांग्रेस उनकी सरकार को समर्थन कर रही है। 2019 से आजतक यानि 2026 तक इसकी एक भी बैठक नहीं हुई है ।मैं खुद 2023 से झारखंड हाई कोर्ट में इसकी व्यवस्था,क्यू कॉम्प्लेक्स के लिए केस लड़ रहा हूं। सनातन का मतलब हेमंत सोरेन जी को क्या पता?’
इस घटना के बाद एक बार फिर मंदिरों में VIP कल्चर को लेकर बहस छिड़ गई है। कई लोगों का कहना है कि खास लोगों को प्राथमिकता देने के कारण आम श्रद्धालुओं को जल्दबाजी में दर्शन कराए जाते हैं, जिससे इस तरह की स्थितियां बनती हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने यह भी याद दिलाया कि VIP व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने वालों में शामिल नेता भी इस व्यवस्था से पूरी तरह अलग नहीं हैं, जिससे बहस और तीखी हो गई है।









