श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर सदन के भीतर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया। इस दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ विधायक खामेनेई की तस्वीरें और पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे तथा उनके समर्थन में नारेबाजी की।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब सदन के भीतर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए। इसी बीच कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगा रहे थे। जवाब में भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी ने कहा, राहुल गांधी पप्पू हैं। इसी बात को लेकर बीजेपी और कांग्रेस विधायकों के बीच तीखा विवाद हो गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
सदन में मौजूद अन्य विधायकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन हंगामा इतना बढ़ गया कि विधानसभा के मार्शलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सदन के भीतर का हंगामा और नेताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की साफ देखी जा सकती है।














