---Advertisement---

मुजफ्फरपुर: पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग में बुजुर्ग की मौत; थानेदार समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

On: March 18, 2026 12:06 PM
---Advertisement---

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प ने बड़ा रूप ले लिया, जिसमें गोली लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात गायघाट थाना क्षेत्र के असिया गांव में पुलिस टीम एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। यह कार्रवाई गांव की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में कोर्ट के आदेश के बाद की जा रही थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस ने अपने बचाव में पहले लाठीचार्ज किया और फिर हवाई फायरिंग की। इसी दौरान हालात और बिगड़ गए और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

इस गोलीबारी में 60 वर्षीय गतवीर राय को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हमले में गायघाट थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीण एसपी और डीएसपी पूर्वी खुद कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल असिया गांव और आसपास के इलाकों में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now