---Advertisement---

झारखंड में आज बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी, 9 जिलों में अलर्ट; 50KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

On: March 28, 2026 9:22 AM
---Advertisement---

रांची: झारखंड में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। शाम ढलते-ढलते राजधानी रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और खूंटी जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

वहीं सिमडेगा और गुमला जिलों में बूंदाबांदी देखने को मिली। इसके अलावा पलामू और लातेहार के कुछ इलाकों में तेज हवा चली, जिससे मौसम सुहावना हो गया। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में देर रात तेज बारिश दर्ज की गई, जिसने उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत पहुंचाई।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी राज्य में मौसम का यह बदला हुआ रुख जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट के तहत रांची, चतरा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और रामगढ़ सहित पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा कुछ अन्य इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी-बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और बांग्लादेश के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन प्रमुख कारण बताया जा रहा है। इसके साथ ही बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल होते हुए मणिपुर तक फैला निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे पूरे क्षेत्र में मौसम की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

मौसम विभाग ने खासकर वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now