---Advertisement---

Watch: एकतरफा प्यार में हैवान बना छात्र, शिक्षिका के काट डाले होंठ; हालत गंभीर

On: February 5, 2026 9:32 PM
---Advertisement---

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12वीं कक्षा का छात्र एकतरफा प्यार की सनक में हैवान बन गया। उसने अपनी पूर्व शिक्षिका पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने धारदार हथियार से शिक्षिका के चेहरे पर हमला करते हुए उनके दोनों होंठ काट डाले। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें आगरा के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।


घटना मैनपुरी शहर के कोतवाली क्षेत्र की है। पीड़ित शिक्षिका एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। आरोपी छात्र अखंड प्रताप सिंह उसी स्कूल का छात्र था और काफी समय से शिक्षिका को परेशान कर रहा था। बताया जा रहा है कि छात्र शिक्षिका पर बुरी नजर रखता था और स्कूल में उनके साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ करता रहता था।


शिक्षिका ने इस व्यवहार से परेशान होकर स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी और पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) के दौरान छात्र की मां से भी शिकायत की। छात्र की मां ने बेटे को समझाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।


लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और एक अन्य निजी स्कूल में नौकरी शुरू कर दी। हालांकि, इसके बाद भी आरोपी छात्र की प्यार की सनक कम नहीं हुई। वह नए स्कूल जाते समय रास्ते में शिक्षिका का पीछा करने लगा और उन्हें रोककर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा।


घटना वाले दिन आरोपी ने रास्ते में ही शिक्षिका को रोक लिया। पहले उसने जबरन गले में हाथ डालकर उन्हें घसीटने की कोशिश की। जब शिक्षिका ने विरोध किया तो आरोपी आपा खो बैठा और धारदार हथियार निकालकर उनके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका के दोनों होंठ कट गए और वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही शिक्षिका के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिक्षिका के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now