बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक में एक परिवार ने सारी हदें पार कर दीं। परिवार के सदस्यों ने बुजुर्ग को एक बड़े बोरे में बंद कर कूरियर कराने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला मंगलवार का है। व्यालिकावल थाना क्षेत्र स्थित एक कूरियर ऑफिस में एक महिला अपने पति, देवर और सास के साथ एक असामान्य रूप से बड़ा पार्सल लेकर पहुंची। पार्सल का आकार और वजन देखकर कर्मचारियों को शक हुआ। जब उन्होंने पार्सल के अंदर की जानकारी मांगी, तो परिवार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। शक गहराने पर कर्मचारियों ने पैकेट खोलने का फैसला किया। जैसे ही बोरा खोला गया, वहां मौजूद सभी लोग सन्न रह गए। अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति को ठूंसकर रखा गया था, वह सांस लेने के लिए जूझ रहा था. तुरंत कूरियर स्टाफ ने हस्तक्षेप किया और उसे बाहर निकाला।
जांच में सामने आया कि वह बुजुर्ग उसी महिला के पिता थे, जो पार्सल बुक कराने आई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पकड़े जाने के बाद भी परिवार अपनी हरकत को गलत मानने के बजाय उसका बचाव करता रहा। परिवार ने तर्क दिया कि वे उगादी और रमजान जैसे त्योहारों के दौरान बस टिकट की कमी की समस्या को उजागर करना चाहते थे। उनका उद्देश्य एक रील बनाना था, जिसमें यह संदेश दिया जा सके कि टिकट न मिलने पर लोगों को कूरियर के जरिए भेजने जैसी स्थिति बन रही है। उनका दावा था कि वे उसे मंगलुरु भेजना चाहते हैं। हालांकि, कूरियर स्टाफ ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और पार्सल बुक करने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद परिवार अपनी जिद पर अड़ा रहा और बार-बार पार्सल बुक करने की मांग करता रहा।
मामला बढ़ता देख कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत को गंभीरता से लेते हुए परिवार को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही उनसे माफी मंगवाते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया और भविष्य में ऐसी जानलेवा हरकत न करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।














