जमशेदपुर: परसुडीह पुलिस की तत्परता से क्षेत्र में एक बड़ी डकैती कांड टल गई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गदड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय भूमिज टोला में दबिश दी। जहां डकैती की योजना बना रहे-चार शातिर अपराधियों को रंगे हाथ दबोचा। पकड़े गए अपराधियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
मामले को खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 03:10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ गदरा के एक स्कूल में एकत्रित हुए हैं और किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के सत्यापन के बाद डीएसपी (विधि व्यवस्था) तौकिर आलम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय परिसर की घेराबंदी की और मौके से गदड़ा ड्राइवर कॉलोनी निवासी रौशन सिंह उर्फ पाका, बारीगोड़ा निवासी रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली राहरगोड़ा निवासी आजाद पाल उर्फ बॉबी पॉल और मास्टरमाइंड शिवनारायण उर्फ चिद्दु को धर दबोचा।
पुराने हिस्ट्री सीटर हैं अपराधी
पकड़े गए अपराधियों का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।आरोपी रोशन सिंह उर्फ पाका और आजाद पाल के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले परसुडीह, पोटका, कोवाली, बागबेड़ा और गोबिंदपुर जैसे विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं। वहीं, रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 9 मामलों में नामजद रहा है।
पुलिस ने इस संबंध में परसुडीह थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








