नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने ही भांजे की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर उसकी लाश को गोद में लेकर पार्क में बैठी रही। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोग सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामला दिल्ली पुलिस के मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे थाने में कॉल आई थी कि SFS फ्लैट्स स्थित पार्क में एक महिला लगभग दो साल के बच्चे की हत्या कर उसके शव के साथ बैठी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बच्चे के शव को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने हिम्मत दिखाते हुए बच्चे को महिला के कब्जे से छुड़ाया और तुरंत पास के न्यू लाइफ हॉस्पिटल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृत बच्चे का नाम हादी था, जो सीलमपुर में अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह अपनी मां उजमा के साथ कुछ समय के लिए मुखर्जी नगर स्थित मामा के घर आया हुआ था। आरोपी महिला आजरा (30) बच्चे की मौसी बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला की मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य वजह से घटना को अंजाम दिया गया, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।













