---Advertisement---

जज के सामने महिला ने लहराया चाकू, अधिवक्ता को धमकाया; पुलिस ने हिरासत में लिया

On: February 19, 2026 3:50 PM
---Advertisement---

वाराणसी: उत्तरप्रदेश के वाराणसी में कचहरी परिसर स्थित एसीजेएम षष्ठम (ACJM VI) के कोर्ट रूम में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने न्यायाधीश के सामने ही अपने बैग से चाकू निकाल लिया। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट रूम में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, महिला मारपीट के मामले में पैरवी के लिए अदालत पहुंची थी। वह मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चंगवार बेनीपुर गांव की रहने वाली बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब दो माह पूर्व महिला के परिजनों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसने मेडिकल परीक्षण (मुआयना) कराया था। इसी मामले को लेकर वह एसीजेएम षष्ठम की अदालत में अपनी बात रखने आई थी।

कोर्ट रूम के भीतर महिला की मुलाकात एक महिला अधिवक्ता से हुई। महिला अपने मामले में तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करने लगी। अधिवक्ता द्वारा कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए जल्दबाजी में कार्रवाई संभव न होने की बात कहे जाने पर महिला उग्र हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

बहस के दौरान अचानक महिला ने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और अधिवक्ता को धमकाने लगी। यह सब न्यायाधीश के सामने घटित होने से कोर्ट रूम में खलबली मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य अधिवक्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत काबू में कर लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला के पास से बरामद चाकू को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत हो रही है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now