सिल्ली:- सोनाहातू मुख्य सड़क पर सोमवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। सिल्ली थाना क्षेत्र अंतर्गत हजाम गांव के समीप शाम करीब 7:30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे वाहन चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार कार संख्या जेएच 01 सी वाई 8458 को युवक स्वयं चला रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण कार सड़क से नीचे पलट गई।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही सिल्ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,सिल्ली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान सोनाहातू प्रखंड के दुलमी गांव निवासी सोमरा मुंडा के रूप में हुई।युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया एवं अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरु की।साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।वहीं स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने सिल्ली–बूंडू मुख्य सड़क पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
कार पलटने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा की मांग की









