इंफाल: मणिपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। जल्द ही वे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री होंगे।
62 वर्षीय युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के प्रभावशाली मैतई समुदाय से आते हैं और राज्य की राजनीति में एक मजबूत पकड़ रखते हैं। वे पिछली बीरेन सिंह सरकार में नगर प्रशासन, आवास एवं शहरी विकास विभाग के मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके कार्यकाल को प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक मजबूती के लिए जाना जाता है।
खेमचंद सिंह का सियासी कद इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद वे मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदारों में शामिल थे। हालांकि उस वक्त पार्टी ने बीरेन सिंह पर भरोसा जताया था, लेकिन इस बार नेतृत्व परिवर्तन में पार्टी ने खेमचंद सिंह को आगे बढ़ाया है।
बताया जाता है कि युमनाम खेमचंद सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन के साथ लंबे समय से उनका जुड़ाव रहा है, जिसका लाभ उन्हें पार्टी के भीतर लगातार मिलता रहा है। यही वजह है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और विधायकों के बीच उनकी स्वीकार्यता काफी मजबूत मानी जाती है।









