
जमशेदपुर: शहर के कदमा निवासी युवा कारोबारी निखर सबलोक की सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माइलस्टोन होटल में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल निखर को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, करीब 35 वर्षीय निखर सबलोक अपने कुछ दोस्तों के साथ 10th माइलस्टोन होटल गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी। गोली लगने से निखर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वारदात की जानकारी मिलते ही चांडिल पुलिस सक्रिय हुई और घायल कारोबारी को तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निखर सबलोक की हत्या की खबर जमशेदपुर पहुंचते ही बड़ी संख्या में उनके परिचित, समर्थक, उद्यमी और व्यवसायी टीएमएच पहुंचे। युवा कारोबारी की इस तरह हुई हत्या को लेकर शहर के व्यवसायिक जगत में भी चर्चा तेज हो गई है।
चांडिल थाना प्रभारी सनत तिवारी ने बताया कि घटना 10th माइलस्टोन होटल में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वारदात में शामिल लोगों की पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच में जुटी है।





