
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार शाम एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास किराए के मकान में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। वार इतना गंभीर था कि मृतक के पेट में गहरा घाव हो गया और उसके शरीर के अंदरूनी अंग बाहर निकल आए। घटना के बाद आरोपी पत्नी कथित तौर पर बाहर निकले अंगों को बैग में रखने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान मकान मालिक के पहुंचने पर वह घबरा गई और छत से नीचे कूद गई।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश (40) के रूप में हुई है। वह करीब एक साल से अपनी पत्नी विमला देवी के साथ कुरुक्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कमरे से सुनाई दी चीख-पुकार
मकान मालिक रिंकू के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजे ऊपरी मंजिल से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर जब वह छत पर पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। राजेश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और उसके शरीर से बाहर निकले अंग आसपास बिखरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान विमला उन अंगों को एक बैग में रखने का प्रयास कर रही थी। मकान मालिक को सामने देखकर वह घबरा गई और कथित तौर पर पकड़े जाने के डर से छत से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एक वार में पेट में हुआ गहरा घाव
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राजेश पर धारदार हथियार से एक ही बार हमला किया गया था, लेकिन वार बेहद गहरा था। पोस्टमार्टम से जुड़े चिकित्सकों के अनुसार, पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक फट गया था। इससे शरीर के कई अंदरूनी अंग बाहर निकल आए थे। पुलिस को घटनास्थल से मिले मानव अंगों को भी एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजना पड़ा। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक का करीब आधा लीवर और दाईं ओर की किडनी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पति-पत्नी में अक्सर होती थी कहासुनी
पड़ोसियों और मकान मालिक के अनुसार, राजेश और विमला के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि विमला झाड़-फूंक का भी काम करती थी।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला अस्पताल में उपचाराधीन है। उसके होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद घटना के कारणों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।




