
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद शहर में गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा जानवी ने स्कूल की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल की छुट्टी हुई थी। इसी दौरान जानवी स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई। कुछ ही देर बाद तेज आवाज सुनाई दी। स्कूल में मौजूद लोगों ने देखा कि छात्रा जमीन पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। स्कूल स्टाफ आनन-फानन में छात्रा को अस्पताल ले जाने के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि शिक्षिका ने उनकी बेटी को सजा के तौर पर करीब चार घंटे तक कक्षा से बाहर खड़े रखा था। पिता के मुताबिक, उनकी बेटी इस घटना से काफी आहत थी।
मृतका के पिता का कहना है कि स्कूल में छात्राओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर पिता का दावा है कि कक्षा में बिरयानी खाने को लेकर कुछ छात्राओं के बीच बहस हुई थी। हालांकि उनका कहना है कि इस विवाद में जानवी की कोई भूमिका नहीं थी, इसके बावजूद उसे सजा दी गई। मृतका के पिता के अनुसार, जानवी को कई घंटे तक धूप में खड़ा रखा गया। उनका आरोप है कि इस व्यवहार से वह मानसिक रूप से काफी परेशान और आहत हुई थी।
वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्रा को चार घंटे तक सजा के तौर पर खड़ा रखने के आरोप से इनकार किया है। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, जानवी वॉशरूम जाने की बात कहकर कक्षा से बाहर निकली थी। इसके बाद वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई और वहां से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस स्कूल के स्टाफ, छात्रा के परिजनों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि छात्रा घटना से पहले किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और स्कूल में उसके साथ किसी तरह का अनुशासनात्मक व्यवहार किया गया था या नहीं। शिक्षिका द्वारा छात्रा को कथित तौर पर सजा दिए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।



