
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आरपीएफ और रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 30 किलोग्राम गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत की गई। रविवार तड़के करीब चार बजे संबलेश्वरी एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद दो संदिग्ध युवक ट्रॉली बैग लेकर नए फुट ओवरब्रिज के रास्ते स्टेशन परिसर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान जांच अभियान में तैनात आरपीएफ के नारकोटिक्स प्रशिक्षित स्निफर डॉग ‘मैक्स’ ने दोनों संदिग्धों की ओर इशारा करते हुए भौंकना शुरू कर दिया। श्वान के संकेत पर सुरक्षा टीम ने दोनों युवकों को रोककर उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों बैग से एक-एक किलोग्राम के पैकेट में छिपाकर रखा गया कुल 30 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेश कुमार (36), निवासी फतेहपुर, राघोपुर, वैशाली और शिव मुनि चौरसिया (38), निवासी भभुआ, कैमूर, बिहार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने गांजे की खेप को ट्रेन बदलकर बिहार ले जाने की योजना की जानकारी दी। बरामद नशीले पदार्थ और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।





