
अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सोमवार तड़के सरकारी जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग (NICU) में भीषण आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि छह बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पा लिया गया और अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में हुई। बताया जा रहा है कि एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके कुछ ही देर बाद कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं फैल गया।
NICU में 12 नवजात थे भर्ती
जिस गहन चिकित्सा कक्ष में आग लगी, वहां उस समय 12 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था। आग और धुएं की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। कर्मचारियों ने बच्चों को वार्ड से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
हालांकि, धुआं अधिक फैलने के कारण तीन नवजातों की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं छह बच्चों को उपचार के लिए अमरावती के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी और इलाज कर रही है। कुछ बच्चों के हाथ-पैर झुलसने की भी जानकारी सामने आई है।
वेंटिलेटर में विस्फोट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह NICU में लगे एक वेंटिलेटर में हुआ विस्फोट माना जा रहा है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है। हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।






