
जमशेदपुर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के छह इनर व्हील क्लबों के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जागरूकता कार रैली आयोजित की गई। रैली का उद्देश्य लोगों को मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील बनाने, संवाद बढ़ाने और समय पर मदद लेने के लिए प्रेरित करना था।
रैली में IWC जमशेदपुर, IWC जमशेदपुर ईस्ट, IWC जमशेदपुर वेस्ट, IWC अस्मिता, IWC सृजन और IWC मेराकी ई-क्लब के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बेल्डीह क्लब गेट से शुरू हुई रैली बिष्टुपुर और नॉर्दर्न टाउन होते हुए डोराबजी पार्क राउंडअबाउट पहुंची और सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में इसका समापन हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जीवन सुसाइड प्रिवेंशन सेंटर की ज्वाइंट डायरेक्टर एवं Befrienders Initiative की नेशनल सेक्रेटरी श्रीमती गुरप्रीत कौर भाटिया रहीं। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन निभा मिश्रा, DCCCC डॉ. रीता झा तथा यूथ डेवलपमेंट वर्टिकल की मेंटर PDC अलका नंदा बक्सी भी मौजूद रहीं।
23 कारों के जरिए पहुंचाया जागरूकता संदेश
रैली में 70 से अधिक सदस्यों ने 23 सुसज्जित कारों के साथ भाग लिया। वाहनों पर आत्महत्या रोकथाम, भावनात्मक सहयोग, सकारात्मक सोच और जरूरत के समय मदद लेने से संबंधित संदेश एवं पोस्टर लगाए गए थे।
अभियान को व्यापक बनाने के लिए लाउडस्पीकर और जागरूकता संदेशों से सुसज्जित एक ऑटो-रिक्शा भी रैली में शामिल किया गया। यह ऑटो आगे भी जमशेदपुर की विभिन्न सड़कों और गलियों में घूमकर लोगों तक आत्महत्या रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाएगा।
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया भावनात्मक संदेश
कार रैली के बाद सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को करुणा, संवाद, समय पर हस्तक्षेप और मानसिक परेशानी से गुजर रहे व्यक्ति का साथ देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने समाज को यह संदेश दिया कि आत्महत्या की रोकथाम केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी की बात ध्यान से सुनना, समय पर उसका साथ देना और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए आगे आना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।





