
जमशेदपुर: लौहनगरी में नशा तस्करों के सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मानगो पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के पास घेराबंदी कर 19 वर्षीय युवक को प्रतिबंधित ब्राउन शुगर की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को देखते ही भागने लगा, पीछा कर पकड़ा गया
एसएसपी, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त इनपुट मिला था कि रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी इलाके में ब्राउन शुगर की डील होने वाली है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी के दिशा-निर्देश में मानगो थाने की सशस्त्र टीम ने मौके पर जाल बिछाया। रात करीब 8:20 बजे पुलिस बल की मौजूदगी भांपते ही एक संदिग्ध युवक तेजी से भागने लगा, जिसे जवानों ने दौड़कर धर दबोचा।
कुर्ते की जेब से निकलीं हरे कागज की 71 पुड़ियां
पकड़े गए युवक की पहचान जवाहर नगर (रोड नंबर-9) निवासी समशाद खान (19), पिता मो. जमिल खान के रूप में हुई। राजपत्रित पदाधिकारी की उपस्थिति में जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके मैरून रंग के कुर्ते की दाहिनी जेब से हरे कागज में लिपटी 71 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुईं। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 10.46 ग्राम आंका गया है। साथ ही उसकी जेब से नकद ₹200 भी मिले।
पुराना हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी, गिरोह के बाकी साथियों की तलाश तेज
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इलाके में ब्राउन शुगर की खुदरा सप्लाई करता है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि 19 वर्षीय समशाद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2022 में मानगो थाने में उसके खिलाफ कांड संख्या 169/2022 के तहत हत्या, अपहरण, साक्ष्य मिटाने, चोरी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि नशा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य चेहरों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके।




