
लखीसराय:बिहार में दशहरा और दुर्गा पूजा के मद्देनजर शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद विभाग की टीम ने बड़हिया थाना क्षेत्र में डाक विभाग के पार्सल वाहन से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने मौके से वैन चालक और उपचालक दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
दवा के नाम पर हो रही थी तस्करी
वाहन चेकिंग के दौरान जब टीम ने डाक पार्सल वैन को रोका, तो आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए दवाइयों का फर्जी चालान दिखाया। उन्होंने दावा किया कि वैन में जरूरी दवाएं भेजी जा रही हैं। गाड़ी पर डाक विभाग की सील लगी होने के कारण सामान्य तौर पर इस पर शक नहीं होता, लेकिन अधिकारियों को संदेह होने पर जब सील तोड़कर वैन का गेट खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सब दंग रह गए।
200 कार्टन शराब बरामद
वैन के भीतर दवाइयों के बजाय ऊपर से नीचे तक विभिन्न ब्रांड्स की 200 कार्टन (लगभग 1800 लीटर) अंग्रेजी शराब ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थी। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
समस्तीपुर में होनी थी डिलीवरी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार और मुन्ना कुमार के रूप में हुई है, जो पटना जिले के दुल्हिन बाजार के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि त्योहार के सीजन में बढ़ी मांग को भुनाने के लिए यह शराब झारखंड सीमा के रास्ते समस्तीपुर और आसपास के जिलों में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।
उत्पाद विभाग ने वाहन और शराब को जब्त कर मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस सिंडिकेट से जुड़े मुख्य सप्लायरों की तलाश शुरू कर दी है।




