खासम ख़ासजमशेदपुरझारखंड

टाटा मोटर्स के रिटायर्ड कर्मचारियों ने उठाई लंबित पीएफ भुगतान की मांग, पीएफ आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

ख़बर को शेयर करें

जमशेदपुर:टाटा मोटर्स से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भविष्य निधि (पीएफ) भुगतान में हो रही देरी को लेकर एक बार फिर नाराजगी सामने आई है। एआईटीयूसी के बैनर तले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त से मुलाकात कर लंबित दावों के जल्द निपटारे की मांग की।
एआईटीयूसी के महासचिव रामजीवन कामत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जनवरी 2026 से रिटायर हुए कई कर्मचारियों को अब तक पीएफ की राशि प्राप्त नहीं हुई है। उनका कहना है कि सेवानिवृत्ति के सात महीने बाद भी भुगतान लंबित रहने से कई कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की वर्षों की सेवा को देखते हुए उनका वैधानिक भुगतान बिना किसी अनावश्यक देरी के किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल की मांग पर क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के खातों के पुणे कार्यालय में स्थानांतरण के बाद लंबित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी और जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान एआईटीयूसी के राज्य सचिव अंबुज कुमार ठाकुर, हीरा आर्क, धनंजय शुक्ला सहित कई सेवानिवृत्त कर्मचारी भी मौजूद रहे। यूनियन ने उम्मीद जताई कि विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि लंबे समय से लंबित पीएफ राशि कर्मचारियों के खातों में पहुंच सके।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।