
धनबाद: तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों बच्चे गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे। शुक्रवार को भी वे तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान तीनों धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे। बताया जा रहा है कि एक बच्ची को पानी में डूबता देखकर बाकी दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी प्रयास में वे भी गहरे पानी में चले गए और तीनों पानी में डूब गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी हुई तो स्थानीय लोगों ने तुरंत तालाब में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तोपचांची पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
इस दर्दनाक घटना में तीन बच्चों की जान जाने से रंगलीटांड और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। बच्चों की मौत की खबर सुनकर परिजन बेसुध हैं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।






