
पटना: राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को निशाना बनाकर सरेआम गोलीबारी की। लड़की जान बचाने के लिए एक टेलर की दुकान में जा छिपी, लेकिन पीछा करते हुए पहुंचे दो बदमाशों ने दुकानदार को धमकाकर उसे बाहर खींच लिया और गोली मार दी। गोली लड़की के कंधे में लगी है। घटना के दौरान रैपिडो चालक भी गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की रैपिडो बाइक से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान दो बदमाश उसका पीछा करते हुए पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने पर लड़की झुक गई, जिससे पहली गोली उसके बजाय रैपिडो चालक राहुल कुमार की कमर में जा लगी। राहुल कुमार लखनी बिगहा का रहने वाला बताया जा रहा है। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
अपनी जान बचाने के लिए लड़की पास स्थित एक टेलर की दुकान में जा घुसी और दुकानदार के पीछे छिप गई। पीछा करते हुए दोनों बदमाश भी दुकान के अंदर पहुंच गए। आरोप है कि अपराधियों ने दुकानदार को धमकाते हुए लड़की से दूर रहने को कहा। बदमाशों ने चेतावनी दी कि यदि उसने बीच में आने की कोशिश की तो उसे भी गोली मार दी जाएगी।
इसके बाद दोनों अपराधियों ने लड़की को दुकान से जबरन बाहर खींचना शुरू कर दिया। लड़की ने बचने की कोशिश की, लेकिन खींचतान के दौरान वह जमीन पर गिर गई। इसी बीच बदमाशों ने उसके कंधे पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद लड़की घायल होकर गिर पड़ी, जबकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल लड़की ने टेलर के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल राजा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। वहीं, गोली लगने से घायल रैपिडो चालक राहुल कुमार को बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही दानापुर थाना प्रभारी प्रशांत भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान को लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
सरेआम नाबालिग लड़की को निशाना बनाकर की गई फायरिंग ने दानापुर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।







