
पलामू: प्रेमिका से मिलने की चाहत में चोरी की बाइक लेकर पलामू के मेदिनीनगर पहुंचे एक युवक की पूरी योजना उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब बाइक में लगे GPS ने उसकी लोकेशन पुलिस तक पहुंचा दी। गढ़वा से चोरी हुई बाइक की लोकेशन मेदिनीनगर के बारालोटा इलाके में मिलते ही शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान शुभम पासवान (20) के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह निवासी दिलीप कुमार गुप्ता की बाइक शनिवार रात उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। रविवार सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं मिला तो दिलीप कुमार ने मामले की सूचना केतार थाना पुलिस को दी। बाइक में GPS लगा होने के कारण पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। कुछ ही देर में GPS से बाइक की लोकेशन मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा में मिली।
बाइक की लोकेशन मेदिनीनगर में मिलने की सूचना गढ़वा पुलिस ने शहर थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बारालोटा पहुंची। वहां पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ शुभम पासवान को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि युवक कथित तौर पर प्रेमिका से मिलने चोरी की बाइक लेकर मेदिनीनगर आया था। पुलिस ने बाइक जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया है।
GPS की मदद से पुलिस ने चोरी की बाइक को करीब 15 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाइक चोरी में उसकी क्या भूमिका थी और इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






