
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव ने रविवार को धुरकी प्रखंड के हाथी प्रभावित अंबाखोरिया, परासपानी, बरहसोती एवं कदवा गांव का दौरा किया। हाथियों के आतंक को देखते हुए विधायक ने ग्रामीणों के बीच टॉर्च और पटाखों का वितरण किया। इस दौरान करीब 450 ग्रामीणों को सामग्री उपलब्ध कराई गई।
विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि धुरकी प्रखंड के इन गांवों में हाथियों के आने से ग्रामीणों में भय का माहौल रहता है। खासकर रात के समय ग्रामीणों को अपने घर और खेतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक वर्ष उनकी ओर से टॉर्च एवं पटाखों का वितरण किया जाता है।

उन्होंने कहा कि हाथियों से ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। हाथियों के गांव में प्रवेश की सूचना मिलने पर वन विभाग एवं प्रशासन को तत्काल सूचना दें और किसी भी परिस्थिति में हाथियों के नजदीक जाकर उन्हें उकसाने का प्रयास नहीं करें।
विधायक ने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। ग्रामीणों को राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या के समय उनके साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है और आगे भी ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार सहयोग जारी रहेगा।
इस मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव, प्रखंड अध्यक्ष इजराइल खान, प्रखंड सचिव कृष्णा सिंह, शैलेश यादव, अशोक यादव, बबलू चंद्रवंशी, तेतर सिंह, रामजीवन प्रसाद, राम प्रवेश राम, जीतन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







