खासम ख़ासजमशेदपुरझारखंड

विकास पहले,टैक्स बाद में’सौरभ विष्णु का सीएम हेमंत सोरेन को पत्र

ख़बर को शेयर करें

जमशेदपुर:जिले में जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने झारखंड सरकार द्वारा संपत्ति की खरीद-बिक्री (रजिस्ट्री) पर 7% स्टांप शुल्क के अतिरिक्त 10% म्यूनिसिपल सेस लगाने की प्रस्तावित योजना का तीखा विरोध करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले नगर निगमों का कामकाज सुधारने पर ध्यान दे, उसके बाद जनता पर नया आर्थिक बोझ डालने की बात करे।

सौरभ विष्णु ने बताया कि सरकार नगर निकायों की आय बढ़ाने के नाम पर म्यूनिसिपल सेस लगाने की तैयारी कर रही है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो जमीन, मकान और फ्लैट खरीदना आम लोगों के लिए और महंगा हो जाएगा। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और अपने जीवनभर की जमा-पूंजी से घर खरीदने वाले लोगों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम का गठन हुए लगभग दो महीने हो चुके हैं, लेकिन आज तक जनता को कोई ठोस विकास कार्य देखने को नहीं मिला। सड़कें बदहाल हैं, नालियां जाम हैं, जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जलनिकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है और नागरिक सुविधाओं में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में विकास के नाम पर जनता से अतिरिक्त सेस वसूलना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। “जनता ने नगर निगम इसलिए नहीं बनाया कि बिना काम किए नए-नए टैक्स लगाए जाएं। पहले विकास दिखाई दे, फिर किसी अतिरिक्त कर की बात हो। जनहित के खिलाफ लिए गए इस फैसले का जन विकास मंच जनता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।”

सौरभ विष्णु ने सवाल उठाया कि जब नगर निगम बनने के बाद भी जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो आखिर सरकार किस आधार पर नया टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है? जनता पहले से महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में नया म्यूनिसिपल सेस लोगों की कमर तोड़ने वाला कदम साबित होगा।

विष्णु ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग कि प्रस्तावित म्यूनिसिपल सेस को तत्काल वापस लिया जाए तथा नगर निगमों को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार अपने बजट से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराए। सरकार पहले सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और जलनिकासी अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास सुनिश्चित किया जाए।” विकास पहले, टैक्स बाद में सोचें” की नीति ही जनता के हित में होगी ।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।