
जमशेदपुर :बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद रविवार को आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत पहुंचे। उन्होंने दिवंगत हिमांशु के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. शेखावत ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घटना से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की। साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच किए जाने की बात कही।
डॉ. शेखावत ने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए उच्चस्तरीय जांच की मांग करने की सलाह भी दी। हालांकि, हिमांशु के पिता ने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया।
इस अवसर पर हरिओम नगर स्थित आवास पर करणी सेना के कई पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मामले में शीघ्र न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।




