
बहरागोड़ा। झारखंड-ओडिशा सीमा से सटे पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात पुलिस ने कालियाडिंगा चौक के पास एक कार की तलाशी लेकर करीब 1.13 क्विंटल यानी 113 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को
पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस वरीय कप्तान एहतेशाम को मादक पदार्थ की खेप गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। उसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-18 और एनएच-49 के संगम स्थल, कालियाडिंगा चौक के समीप निगरानी और जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार के अंदर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त करने के साथ वाहन को भी कब्जे में ले लिया और उसमें सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया।
भुवनेश्वर से खड़गपुर पहुंचाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा के भुवनेश्वर से पश्चिम बंगाल के खड़गपुर ले जाई जा रही थी। हालांकि, तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे खड़गपुर में किसे सौंपा जाना था।
ओडिशा रूट पर लगातार कार्रवाई
गौरतलब है कि ओडिशा से झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में पूर्वी सिंहभूम और आसपास के इलाकों में भी गांजा बरामदगी के कई मामले सामने आए हैं।
बहरागोड़ा में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





