
सगमा (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र स्थित पनघटवा डैम में शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर निलेश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर का रहने वाला था और अपने रिश्तेदार के घर डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहरा गांव आया हुआ था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, निलेश कुमार, पिता विजय प्रसाद, मिशन चौक, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) का निवासी था। शनिवार को वह अपने चार दोस्तों के साथ पनघटवा डैम घूमने और नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ गए दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उसे तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका।
निलेश को पानी में डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना धुरकी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। काफी मशक्कत के बाद निलेश के शव को पानी से बाहर निकाला गया।

धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। नजदीकी परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया है। पुलिस घटना की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।






