धनबाद: जिले के बलियापुर क्षेत्र में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को इस मामले में 18 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बलियापुर बाजार में पैदल परेड कराई गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, सिंदरी डीएसपी आशीष कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम रामनवमी के अवसर पर बलियापुर बाजार चौक में अखाड़ा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भिखराजपुर के पास कुछ असामाजिक तत्व बाइक पर सवार होकर पहुंचे और जुलूस में शामिल लोगों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को तत्काल अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। हालात काबू में करने के लिए कुछ स्थानों पर हल्का लाठीचार्ज भी किया गया, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों पक्षों से करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में कुल 40 से 45 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन बलियापुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। विशेष रूप से भिखराजपुर और बलियापुर बाजार चौक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।














