रांची

रामनवमी की रात रांची में बड़ी चोरी, बंद घर से 15 लाख के गहने उड़ाए; 4 दरवाजे, 4 लॉकर काटकर वारदात को दिया अंजाम

ख़बर को शेयर करें

रांची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में रामनवमी की रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना वेस्ट सरोवर नगर स्थित देवी मंडप रोड की बताई जा रही है, जहां निवासी सुजीत कुमार गुप्ता के घर में चोरी हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता रामनवमी के अवसर पर पूजा-अर्चना के बाद अपने परिवार से मिलने गुमला चले गए थे। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के चार अलग-अलग दरवाजों के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने चार अलमारियों के लॉकर को काटकर उनमें रखे कीमती गहनों और नकदी को निकाल लिया। पीड़ित के अनुसार, चोर लगभग 15 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और करीब 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना के दौरान चोरों ने पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया। गहनों की तलाश में घर के हर कमरे और कोने की बारीकी से तलाशी ली गई, जिससे घर का सामान इधर-उधर बिखरा मिला। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मामले को लेकर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही शहर में रात्रि गश्ती को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।