---Advertisement---

मंदिर के वॉशरूम में 2 छात्राओं ने इंजेक्शन लगाकर की आत्महत्या, ChatGPT से पूछा सुसाइड का तरीका

On: March 8, 2026 12:57 PM
---Advertisement---

सूरत: गुजरात के सूरत से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक मंदिर के वॉशरूम में दो कॉलेज छात्राओं ने कथित तौर पर एनेस्थेटिक ड्रग्स का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना सूरत के बाहरी इलाके सानिया गांव में स्थित आत्मीय स्वामीनारायण मंदिर (Atmiya Swaminarayan Temple) के वॉशरूम में हुई। शुक्रवार रात मंदिर परिसर में दो युवतियों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृत छात्राओं की पहचान डिंडोली क्षेत्र के रामी पार्क सोसाइटी निवासी रोशनी सिरसाथ (20) और ज्योत्सना चौधरी (18) के रूप में हुई है। दोनों आपस में बचपन की दोस्त बताई जा रही हैं और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं। पुलिस के मुताबिक एक छात्रा बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा थी, जबकि दूसरी प्रथम वर्ष में पढ़ रही थी।

सीसीटीवी में कैद हुई आखिरी गतिविधि

जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है। फुटेज में दोनों छात्राएं मंदिर परिसर में प्रवेश करती और वॉशरूम की ओर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। इसके बाद वे बाहर नहीं निकलीं।

जब काफी देर तक वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को शक हुआ। बाद में अंदर जाकर देखा गया तो दोनों छात्राएं अचेत अवस्था में मिलीं। मौके से पुलिस को दवा की शीशियां और सिरिंज भी बरामद हुई हैं।

मोबाइल जांच में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस ने दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनकी शुरुआती जांच भी की गई है। जांच मेंं AI सर्च हिस्ट्री की बात सामने आई है। आत्महत्या से पहले रोशनी ने अपने फोन पर ChatGPT जैसे AI प्लेटफॉर्म पर ‘How to Commit Suicide’ यानी आत्महत्या कैसे करें सर्च किया था। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।

जांच में यह भी पता चला है कि दोनों ने इंटरनेट पर जान लेने वाली दवाओं के बारे में सर्च किया था। मोबाइल में कुछ तस्वीरें और गूगल सर्च हिस्ट्री भी मिली है, जिससे संकेत मिलता है कि उन्होंने एनेस्थेटिक ड्रग्स के बारे में पहले जानकारी जुटाई थी।

इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने इस तरह की घटना से जुड़े एक समाचार लेख की तस्वीर भी अपने फोन में सेव कर रखी थी, जिसमें एक महिला द्वारा इसी प्रकार के ड्रग्स का इस्तेमाल कर आत्महत्या करने की खबर थी।

सुबह कॉलेज के लिए निकली थीं छात्राएं

परिजनों के मुताबिक दोनों छात्राएं शुक्रवार सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थीं। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

पुलिस का कहना है कि अभी तक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार वालों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन शुरुआती बातचीत में आत्महत्या के पीछे की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मोबाइल की विस्तृत फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें