
गढ़वा: धुरकी थाना क्षेत्र स्थित पनघटवा डैम में शनिवार की सुबह नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डैम में नहाने पहुंचे चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में उतरकर तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक गहरे पानी में जाने के बाद लापता हो गया। लापता युवक की तलाश के लिए स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पनघटवा डैम पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंच गए। वहीं, सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ लापता युवक की तलाश के प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल लापता युवक की तलाश जारी है। हादसे के बाद डैम पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







