---Advertisement---

ग्रेटर नोएडा में बारातियों पर 40 दबंगों का लाठी डंडों घातक हथियारों से हमला,10 आईसीयू में भर्ती

On: January 24, 2026 7:41 AM
---Advertisement---

उत्तर प्रदेश:ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामपुर फतेहपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बारातियों की टीम पर तकरीबन 40 दबंगों ने लाठी डंडों से जबरदस्त हमला कर दिया। इस हमले में 10 बारातियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दूसरे पक्ष ने मौके का फायदा उठाकर दूसरे परिवार पक्ष के लोगों पर लाठी डंडों और फरसों से हमला कर दिया. इस मारपीट में 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, दादरी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में एक बारात दनकौर के जगनपुर गांव से आई थी जिसमें शादी की रसमें चल रही थीं. इसी दौरान आधा दर्जन गाड़ियों में सवार होकर करीब 30 से 40 दबंग पंडाल में घुसे और अचानक लाठी-डंडों और फरसा से हमला करना शुरू कर दिया. हमला इतना हिंसक था कि किसी को भी समझने का मौका नहीं मिला. कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे तो वहीं कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े. चीख-पुकार और अफरा तफरी के बीच शादी का माहौल पूरी तरह भय में बदल गया.
हमले में 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें देवेंद्र, वीरेंद्र, राजेन्द्र, देसराज, जितेंद्र आदि लोग शामिल हैं. घायलों को तुरंत आनन-फानन में ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कुछ लोगों को आईसीयू में रखा गया है. वहीं कई बुजुर्गों को हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आए हैं. कुछ की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है.
थाना प्रभारी दादरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था जिसका बदला लेने के लिए शादी जैसे मौके को चुना गया. घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घायलों के बयान दर्ज किया जा रहे हैं. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now