साहिबगंज: जिले के चानन निवासी भोला मंडल सोमवार शाम से लापता हैं। भोला मंडल शाम करीब 6 बजे गंगा नदी में नहाने गए थे, लेकिन उसके बाद से घर नहीं लौटे। देर रात तक जब वे वापस नहीं आए तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। घाट पर उनके कपड़े और मोबाइल फोन मिले, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वे नहाते समय गहरे पानी में डूब गए होंगे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ टीम को भी तलाश अभियान में लगाया गया। मंगलवार सुबह से चार घंटे तक गंगा में लगातार खोजबीन की गई, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है और अलग-अलग टीमों की मदद ली जा रही है। वहीं, परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी की उम्मीदें अब पुलिस और बचाव दल की तलाश पर टिकी हैं।
साहिबगंज: गंगा में नहाने के दौरान युवक लापता, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग








