
झारखंड वार्ता संवाददाता
सगमा (गढ़वा)। सगमा प्रखंड अंतर्गत बीरबल गांव में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ब्राइट स्टार पब्लिक स्कूल से पूर्व दिशा में मुख्य सड़क पर नहर किनारे लगे लोहे के बैरियर से एक कार जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 120 फीट दूर जिनोरा के खेत में जाकर रुकी। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर वहां से चले गए। दुर्घटनाग्रस्त कार घटनास्थल पर लावारिस हालत में मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात के समय हुई। कार मुख्य सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान नहर किनारे लगे बैरियर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे उतरते हुए काफी दूर खेत में जा पहुंची। घटनास्थल पर कार के क्षतिग्रस्त हिस्से और बैरियर को देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर वहां से चले गए। इसके बाद कार खेत में लावारिस हालत में पड़ी रही। हालांकि, कार में कितने लोग सवार थे, उन्हें चोट लगी या नहीं और वे कहां के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
यूपी नंबर की है कार
घटनास्थल पर मिली कार का पंजीकरण नंबर UP64Y 0110 बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के कारणों और वाहन में सवार लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है।






