दुमका: जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के कोलारकोंदा पंचायत अंतर्गत बसमत्ता गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से बेरहमीपूर्वक हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी राखीशल बेसरा (47) ने वर्षों पहले अपनी पहली पत्नी की भी हत्या की थी और करीब नौ साल जेल में बिताने के बाद हाल ही में रिहा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात गांव में काली पूजा का मेला चल रहा था। आरोपी राखीशल ने अपनी पत्नी बितनी हांसदा (35) से मेला चलने के लिए कहा, लेकिन पत्नी पहले से ही नशे की हालत में थी और उसने मेला जाने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आग-बबूला राखीशल ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी गांव में ही एक स्थान पर छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जप्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, राखीशल बेसरा पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और उसे केंद्रीय कारा दुमका में नौ साल की सजा काटनी पड़ी थी। हाल ही में जेल से छूटने के बाद वह अपने घर लौटा था, लेकिन कुछ ही दिनों में उसने अपनी दूसरी पत्नी को भी मौत के घाट उतार दिया।
वर्तमान में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम जारी है। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं लोग आरोपी की हिंसक प्रवृत्ति को लेकर भयभीत हैं।
दुमका: पत्नी ने मेला जाने से किया इनकार, पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या; पहली पत्नी का भी कर चुका है मर्डर














