---Advertisement---

पटमदा: बी मिक्स जेंडर क्रिकेट टेस्ट 20 फॉर्मेट मुकाबले में मैरीकॉम एकादश ने 9 विकेट से जीता

On: November 2, 2025 10:34 AM
---Advertisement---

पटमदा स्थित एस एस प्लस टू विद्यालय, पटमदा में मिक्स जेंडर क्रिकेट मैच मैरीकॉम एकादश और सायना नेहवाल एकादश के बीच टेस्ट ट्वेंटी फॉर्मेट

पटमदा, बोडाम व घाटशिला के विद्यालयों में समय समय ओर आयोजित होते रहते है मिक्स जेंडर मुकाबले, खेल के मैदान से दूर लड़कियों को मैदान पर आने की मिलती है प्रेरणा
बालक-बालिका जेंडर समानता पर आधारित मिक्स जेंडर क्रिकेट की 2018 में झारखंड से हुई थी शुरुआत, क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर से भी मिल चुकी है सराहना
मिक्स जेंडर क्रिकेट का लोगो जारी, जल्द ही जिला स्तर पर टूर्नामेंट करवाने की है योजना, अभियान में शामिल होने के इच्छुक विद्यालय व गांव 9470381724 पर कर सकते है संपर्क

पटमदा / जमशेदपुर : महिला विश्व कप में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खिताबी मुकाबला रविवार को मुंबई में खेला जाने वाला है। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद भारतीय महिला टीम को फैंस का जबरदस्त सपोर्ट देखने को मिल रहा है। महिला क्रिकेट का चर्चा में आना भारत में क्रिकेट व अन्य खेलों में महिलाओं के भागीदारी को ध्यान में रखते हुए सुखद भविष्य की आस जगाता है। सर्वविदित है कि वर्तमान सामाजिक परिप्रेक्ष्य में किशोरावस्था में कदम रखते ही ज्यादातर लड़कियों का खेल के मैदान पर सक्रियता बेहद सीमित हो जाती है, जो समाज में जेंडर्स के बीच घोर असंतुलन का मजबूत प्रमाण भी है। गांव-गांव में लड़कियों की खेल के मैदान पर सक्रियता बढ़े और बालक-बालिका समानता का मजबूत सन्देश समाज में स्थापित हो, इसके लिए झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला, पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के विद्यालयों में समय समय पर मिक्स जेंडर क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाता है।

जिसमें लड़के लड़कियों की मिश्रित टीमों के बीच मुकाबला खेला जाता है। खेल के माध्यम से बच्चों को जागरूक करने की कोशिश की जाती है कि महिला, पुरुष और ट्रांसजेंडर्स सभी समाज के अभिन्न अंग है, हमें सभी को उपयुक्त सम्मान देना चाहिए, सभी के साथ उचित तालमेल रखते हुए ही समाज आगे बढ़ सकता है।

खेल के माध्यम से जेंडर समानता का सामाजिक संदेश देने की पहल झारखंड के पैडमैन के नाम से मशहूर सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार के द्वारा झारखंड में वर्ष 2018 में शुरू की गई थी।

जिसे 2019 में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर से भी सराहना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद मिक्स जेंडर मैच को काफी लोकप्रियता मिली थी। अब देश के कई इलाकों समेत, अमरीका, वेस्टइडीज इत्यादि देशों में भी मिक्स जेंडर क्रिकेट मुकाबले आयोजित होने की खबरें मिलती है।

शनिवार को पटमदा स्थित एस एस प्लस टू विद्यालय, पटमदा में मिक्स जेंडर क्रिकेट मैच मैरीकॉम एकादश और सायना नेहवाल एकादश के बीच टेस्ट ट्वेंटी फॉर्मेट ( 5-5 ओवर्स) में खेला गया। दो परियों वाले मैच में सायना एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में निर्धारित पांच ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 42 रन बनाए, वही मैरीकॉम एकादश ने पहली पारी में निर्धारित पांच ओवर्स में पांच विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाते हुए एक रन की बढ़त बनाई। दूसरी पारी में सायना एकादश में छ: विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाए। वही मैरीकॉम एकादश ने एक विकेट के नुकसान पर 44 रन बनाते हुए विजय हासिल कर ली।

मैच के दौरान लड़के लड़कियों ने आपसी तालमेल बनाकर मैच खेलते हुए खेल खेल में कई जरूरी बातें सीखी, जो समाज में लड़के लड़कियों के लिए राह सुरक्षित और आसान बना सकती है। विजेता टीम मैरीकॉम एकादश की कप्तान ज्योति कुमारी ने बताया कि हम लड़कियों को खेलने का मौका नहीं मिलता, लेकिन स्कूल में हर हफ्ते होने वाले मैच में भाग लेना हमें काफी अच्छा लगता है, वही इससे हम लड़कियों का हौसला काफी बढ़ रहा है। वही उपकप्तान आजाद ने बताया कि लड़कियों के साथ मिलकर मैच खेलने का अनुभव काफी अनोखा है, इससे हम कई बातें सीख रहे है, जो हमें जीवन में काफी बेहतर बनाएगी।

मौके पर प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार, निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, क्रिकेटर बृंदावन महतो व अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे। जिले के घाटशिला स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धातकीडीह, पटमदा के एस एस प्लस टू स्कूल, पटमदा व बोड़ाम के दिघी भुला उच्च विद्यालय में मिक्स जेंडर क्रिकेट टीम के मुकाबले समय समय पर आयोजित किए जाते है। जल्द ही जिला स्तर पर मिक्स जेंडर क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने के योजना पर कार्य किया जा रहा है। अभियान में शामिल होने के इच्छुक विद्यालय व गांव 9470381724 पर संपर्क कर सकते है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now