झारखंड

झारखंड सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा, धान पर 100 रूपए प्रति क्विंटल मिलेगा बोनस; एकमुश्त होगा भुगतान

रांची: झारखंड की रजत जयंती के मौके पर राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए धान खरीद पर एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि इस कदम से किसानों को बिचौलियों की पकड़ से छुटकारा मिलेगा और उन्हें भुगतान के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा।

मंत्री ने बताया कि इस बार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा। वहीं ग्रेड-A धान बेचने वाले किसानों को 2,489 रुपये प्रति क्विंटल तक का भुगतान मिलेगा।

कैबिनेट की मंजूरी जल्द, धान खरीद 15 दिसंबर से पहले शुरू

डॉ. अंसारी ने कहा कि एकमुश्त भुगतान से जुड़ा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, और इसे जल्द ही कैबिनेट के समक्ष अनुमोदन के लिए पेश किया जाएगा। मंत्री के अनुसार राज्य में अगले 10–15 दिनों के भीतर धान की कटाई पूरी होने की संभावना है। ऐसे में धान खरीद प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है और 15 दिसंबर से पहले धान अधिप्राप्ति शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

बिचौलियों पर लगाम, विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय

सरकार ने धान खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दूसरे राज्यों से सक्रिय बिचौलियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए एक विशेष निगरानी तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है, जो बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा।

किसान मजबूत होंगे तभी समाज मजबूत होगा

कार्यक्रम में मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य का आर्थिक ढांचा किसानों पर आधारित है। इसलिए किसानों को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “किसान मजबूत होंगे तभी समाज मजबूत होगा। रजत जयंती वर्ष में सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनका हक बिना किसी बाधा के मिले।”

राज्य सरकार की इस पहल से झारखंड के लाखों किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। एकमुश्त भुगतान व्यवस्था से किसान समय पर पैसा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे रबी सीजन की तैयारी भी सुगमता से हो पाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

WhatsApp
Copy link
URL has been copied successfully!