फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो महीने पहले नहर में फेंके जाने के बाद ‘मृत’ मानी जा चुकी 17 साल की लड़की अचानक जीवित लौट आई। यह वही लड़की है जिसे उसके पिता ने कथित तौर पर उसके चरित्र पर शक के चलते रस्सी से बांधकर नहर में धकेल दिया था। वह भयावह दृश्य पिता ने खुद मोबाइल में रिकॉर्ड किया था और वीडियो वायरल हो गया था।
घटना जिसने पूरे पंजाब को झकझोर दिया
29 सितंबर की रात यह दर्दनाक हादसा लड़की की मां और तीन छोटी बहनों के सामने हुआ था। स्कूली पढ़ाई छोड़ चुकी और चार बहनों में सबसे बड़ी इस लड़की के हाथ-पैर बांधकर उसके पिता, सुरजीत सिंह, ने उसे नहर में धकेलते हुए कहा था, ‘चल मर जा।’
जब पत्नी बचाने की कोशिश में चिल्ला रही थी, तो वह बड़बड़ाया
‘मरने दो।’ और जैसे ही तेज धाराएं लड़की को बहाकर ले गईं, उसने कहा, ‘बाय-बाय।’
वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुरजीत सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दो महीने बाद चमत्कारिक वापसी
रविवार को लड़की अचानक मीडिया के सामने आई। कांपती आवाज़ और नम आंखों के साथ उसने अपनी भयावह रात का किस्सा सुनाया। उसने कहा कि, नहर की तेज धाराओं में बहते हुए उसकी कलाई से बंधी रस्सियां किसी तरह ढीली हो गईं। अचानक उसका सिर पानी से बाहर निकली एक लोहे की रॉड से टकराया। उसने उस रॉड को थामकर खुद को किनारे तक खींच लिया। आगे रास्ते में तीन राहगीरों ने उसे देखा और सुरक्षित बाहर निकाला। उसने बताया कि वह गंभीर रूप से बीमार हो गई थी और दो महीनों तक उसका इलाज चलता रहा। उसने यह जरूर कहा कि वह डर के कारण सामने नहीं आई।
अब पिता के लिए रिहाई की मांग
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लड़की ने अपने बयान में पिता से कोई दुश्मनी नहीं दिखाई, बल्कि उनसे जेल से रिहा करने की अपील की। उसका कहना है कि, मेरे पापा को रिहा करो… मेरी छोटी बहनों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है।
लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां ने नशे में धुत और पहले से ही गुस्से में पड़े पिता को उकसाया था। साथ ही उसने पुलिस से सुरक्षा मांगी है, क्योंकि उसे अपने कुछ रिश्तेदारों से खतरा महसूस हो रहा है।
पुलिस अब बदल सकती है धाराएं
एसपी भूपिंदर सिंह ने लड़की के वापस मिलने को बहुत अच्छी खबर बताते हुए कहा कि शुरूआती जांच हत्या के वीडियो के आधार पर थी, इसलिए आरोपी पिता पर सेक्शन 302 लगाया गया था। अब, लड़की की गवाही और घटनाक्रम सामने आने के बाद, धाराएं बदलकर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की ओर बढ़ने के संकेत हैं।
पिता ने हाथ बांधकर बेटी को नहर में फेंका था, 2 महीने बाद जिंदा लौटी; बोली- पापा को जेल से निकालो













