झारखंड वार्ता संवाददाता
मझिआंव (गढ़वा): आरके पब्लिक स्कूल में मंगलवार को 10वां वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर एसडीएम संजय कुमार पांडेय, आर. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के निदेशक एवं चेयरमैन अलखनाथ पांडेय, प्रशासक पी.के. झा, प्राचार्य के.आर. झा और अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर किया गया।

खेल महोत्सव में विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया, उसके बाद प्राचार्य के.आर. झा ने विद्यालय की उपलब्धियों और हाल ही में प्राप्त सीबीएसई +2 स्तर की मान्यता तथा प्ले स्कूल उद्घाटन की जानकारी साझा की। छात्रों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई और कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया गया।
महोत्सव में मेंढक दौड़, बिस्किट दौड़, तीन पैरों की दौड़, मगरमच्छ दौड़, केला दौड़, जूता दौड़, बैक रेस, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी मटका फोड़, बैक रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। चेयरमैन अलखनाथ पांडेय ने बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अभिभावकों से मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग को सीमित करने और बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों में जोड़ने का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि एसडीएम संजय कुमार पांडेय ने छात्रों की अनुशासन, सांस्कृतिक प्रस्तुति और खेल भावना की सराहना की और समय प्रबंधन, अनुशासन तथा सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गान के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिप सदस्य धर्मेन्द्र कुमार सिंह, विजय चौबे, रौशन कुमार, उपप्राचार्य राजेश कुमार पाण्डेय, रूपेश कुमार पाण्डेय, प्रीति द्विवेदी, शारीरिक शिक्षक जय गोविन्द ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।













